आम आदमी पार्टी (आप) के सात राज्यसभा सदस्यों के पार्टी छोड़ने और बीजेपी में शामिल होने के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ने एक बार फिर पंजाब की जनता के साथ धोखा किया है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बीजेपी ने एक बार फिर पंजाबियों के साथ धोखा किया है। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के दलबदल की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन लोटस’ का हिस्सा बताया और कहा कि पंजाब की जनता पार्टी छोड़ने वाले उन सात सदस्यों को कभी माफ नहीं करेगी। बड़े पैमाने पर दलबदल कर आप के राज्यसभा सदस्यों के बीजेपी से जुड़ने के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पार्टी पर पंजाब में भगवंत मान सरकार के अच्छे कार्यों में बाधा डालने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी को धोखा देने वाले सांसदों को कभी माफ नहीं करेगी। वहीं दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने एक्स पोस्ट में कहा कि तीन दिन से गुजरात में हूं जिस समय गुजरात में हजारों कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर, सारे खतरे और बीजेपी की धमकियां झेलकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए खून पसीना बहा रहे हैं, उसी समय कुछ गद्दारों ने पंजाब के कार्यकर्ताओं के खून पसीने की कमाई का सौदा कर लिया।
