अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में क्रिकेट प्रशंसकों के लिए रविवार सुपर संडे साबित हुआ। कोलकाता नाइटराइडर्स के 155 रनों के जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19 ओवर की समाप्ति पर सात विकेट पर 139 रन बनाए थे। एलएसजी को आखिरी ओवर में 17 रनों की जरूरत थी। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने यूपी के कार्तिक त्यागी को गेंद सौंपी। त्यागी के सामने स्ट्राइक पर मोहम्मद शमी थे। ऑफ स्टंप के बाहर धीमी गति की बैकआफ लेंथ को स्लैश किया, लेकिन गेंद गई कीपर की ओर गई और शमी ने तेजी दिखाते हुए छोर भी बदल लिया। अब दारोमदार हिम्मत सिंह पर था। त्यागी की दूसरी गेंद हाई फुल टॉस थी, जिसे अंपायर ने नो बाल करार दिया। एक बार फिर फुल टॉस गेंद को हिम्मत सिंह ने लांगआन पर कैच लपकने के बाद वापस थ्रो किया गया, लेकिन यह गेंद भी नो बाल करार दी गई। हालांकि कार्तिक ने तुरंत ही रिव्यू लेने की मांग की, पर तीसरे अंपायर का फैसला भी नहीं बदला। गेंद कमर के काफी ऊपर थी। त्यागी की दूसरी गेंद पर हिम्मत ने डीप स्क्वायर लेग पर शानदार चौका जड़कर जीत की उम्मीद बढ़ाई। अब चार गेंदों पर आठ रन की आवश्यकता थी, लेकिन धीमी गति की गेंद को हिम्मत समझ नहीं पाए और डीप स्क्वायर लेग पर रिंकू ने बढ़िया कैच लपक कर उनकी पारी का अंत किया। त्यागी की चौथी गेंद पर लेग बाई के रूप में एक रन मिला। अब एक गेंद पर लखनऊ को सात रन बनाने थे, जिसपर मोहम्मद शमी ने लांग आफ पर बेहतरीन छक्का जड़कर मैच सुपर ओवर में पहुंचा दिया। सुपर ओवर में अजिंक्य रहाणे ने अपने सबसे पुराने फिरकी गेंदबाज सुनील नारायण पर भरोसा जताया। एलएसजी की ओर से आउट ऑफ फार्म खिलाड़ी निकोलस पूरन और एडन मार्करम बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन नारायण ने पहली गेंद पर ही पूरन को बोल्ड कर लखनऊ के लिए जीत की उम्मीद लगभग खत्म कर दी। इसके बाद खेलने आए कप्तान ऋषभ पंत ने एक रन लेकर छोर बदला, पर सुनील ने तीसरी गेंद पर मार्करम को रिंकू से के हाथों बेहतरीन कैच कराकर केकेआर की विजय सुनिश्चत की। कोलकाता ने दो रन के लक्ष्य को पहली गेंद पर बाउंड्री जड़कर सीजन की सबसे रोमांचक जीत दर्ज की। यह चौका रिंकू सिंह ने मारा।  मोहसिन खान ने आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कर लखनऊ सुपर जायंट्स की जीत की उम्मीद बढ़ाई, लेकिन टीम की लचर बल्लेबाजी ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। बेहद अहम मुकाबले में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन के खतरनाक स्पेल के दम पर एलएसजी ने 10.5 ओवर में सिर्फ 73 रन के स्कोर पर केकेआर की आधी टीम पवेलियन भेज दी। ऐसे में टीम के संकट मोचक रिंकू सिंह ने क्रीज पर पांव जमाने के बाद महज 51 गेंदों पर 83 रनों की नाबाद तूफानी पारी खेलकर कोलकाता नाइटराइडर्स को 155 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया, क्योंकि एक समय मेहमान टीम 120-130 रन के आसपास पहुंचती नजर आ रही थी। मोहसिन ने अजिंक्य रहाणे, टिम साइफर्ट, रोवमन पावेल, कैमरन ग्रीन और अनुकूल राय जैसे दिग्गजों को आउट केकेआर को बैकफुट पर कर दिया था। निश्चित तौर पर टी-20 प्रारूप में जहां 265 रन का स्कोर भी सुरक्षित नहीं है, वहां यदि कोलकाता ने 155 रनों का सफलतापूर्वक बचाव किया तो इसके लिए उसकी गेंदबाजी के साथ लखनऊ की शर्मनाक बल्लेबाजी भी मददगार बनी। मेजबान टीम लगातार दूसरे मैच में 160 या उससे भी कम लक्ष्य को हासिल करने में विफल रही। निकोलस पूरन आठवें मैच में भी बल्ले से विफल रहे, जबकि मिचेल मार्श ने भी इस मैच में निराश किया। कप्तान पंत ने 42 और मार्करम ने 31 रनों की पारी जरूर खेली, लेकिन दोनों की बल्लेबाजी में वह भरोसा नहीं दिखा, जिसके लिए वे जाने जाते हैं। 22 अप्रैल को इकाना में ही राजस्थान रायल्स ने पहले खेलकर 160 रन बनाए थे, जिसके जवाब में मेजबान की पारी 119 रनों पर सिमट गई थी। लखनऊ के घर में लगातार आठवीं हार के साथ उसकी प्लेऑफ की उम्मीद को झटका लगा है।  रिंकू सिंह जब बल्लेबाजी करने उतरे तो केकेआर का स्कोर 10.5 ओवर में पांच विकेट पर 73 रन था और टीम मुश्किल में थी। 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर अनुकूल राय भी आउट हो गए। ऐसे में रिंकू के सामने विकेट बचाने के साथ रनगति को आगे बढ़ाने का दबाव भी था। बाएं हाथ के इस आक्रामक खिलाड़ी ने अपने चिर-परिचित अंदाज के विपरीत बल्लेबाजी की और सबसे पहले क्रीज पर पांव जमाने का फैसला किया। केकेआर ने 15 ओवर में 93 रन पर रमनदीप सिंह के रूप में अपना सातवां विकेट गंवा दिया, एक छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन रिंकू की बल्लेबाजी पर इसका कोई असर नहीं था, क्योंकि वह कुछ बड़ा करने के इरादे से उतरे थे। इसी बीच उन्होंने 42 गेंदों पर छह चौके व एक छक्के की मदद से सीजन का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। 19 ओवर की समाप्ति के बाद केकेआर का स्कोर सात विकेट पर 133 रन था। पंत ने पारी का आखिरी ओवर दाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज दिग्वेश राठी को दिया। फिर क्या था, रिंकू राठी पर कहर बनकर टूट पड़े। पहली और तीसरी गेंद वाइड रही, लेकिन लेकिन इसके बाद उन्होंने तीन मेडआन और एक मेडआफ के ऊपर से लगातार चार छक्के जड़कर कोलकाता नाइटराइडर्स को 150 रनों के पार पहुंचाया। रिंकू ने अपनी आतिशी पारी में सात चौके व पांच छक्के लगाए। आइपीएल में यह उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। यही नहीं, उन्होंने मौजूदा में पहली बार किसी मैच में सर्वाधिक पांच कैच भी लपके, जिसमें एडन मार्करम और निकोलस पूरन जैसे दिग्गज बल्लेबाज भी शामिल रहे। इसके पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान रिषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। पहला ओवर लेकर आए मोहम्मद शमी ने सिर्फ दो रन दिए। इसके बाद मोहसिन खान ने अपने पहले और मैच के दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर टिम साइफर्ट (00) को मुकुल चौधरी के हाथों कैच आउट करा टीम को पहली सफलता दिलाई। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने ने अपने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर कप्तान अजिंक्य रहाणे को पवेलियन भेजकर केकेआर को बड़ा झटका दिया। रहाणे शुरुआत से ही रन के लिए संघर्ष करते नजर आए और 15 गेंदों पर सिर्फ एक छक्के की मदद से 10 रन ही बना सके। मोहसिन ने मैच के सातवें ओवर की पहली गेंद पर खतरनाक बल्लेबाज रोवमन पावेल (01) को पंत के हाथों आसान कैच कराकर केकेआर को बैकफुट पर कर दिया।  केकेआर के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी आश्चर्यजनक रूप से आउट हुए। वह प्रिंस यादव की गेंद पर रन लेने के लिए दौड़ा। इसी बीच मोहम्मद शमी ने शानदार फील्डिंग करते हुए स्टंप को निशाना बनाया, लेकिन रघुवंशी विकेट के सामने पाए गए। नियमानुसार उन्हें आब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड (फील्डिंग में बाधा डालना) आउट दिया गया। टीवी अंपायर ने रिप्ले में देखा कि रघुवंशी गेंद की दिशा को देख रहे थे और क्रीज पर लौटने के दौरान उन्होंने जानबूझकर अपनी लाइन बदल ली थी। पंत की अपील पर थर्ड अंपायर ने उन्हें नियमों के तहत आउट करार दिया। रघुवंशी आब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड आउट होने वाले सीजन के पहले एवं आइपीएल के इतिहास में चौथे क्रिकेटर हैं। इस तरह केकेआर की एलएसजी पर जीत के साथ आईपीएल इतिहास में सुपर ओवर में सबसे कम रन का नया रिकॉर्ड बन गया है। लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम 1 रन का ये रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है, जो सुपर ओवर में उन्होंने बनाया। इससे पहले ये रिकॉर्ड 2020 में पंजाब किंग्स ने दिल्ली के खिलाफ बनाया था जब वे दुबई के मैदान पर सुपर ओवर में खेलते हुए 2 रन पर आउट हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *