इस वक्त की बड़ी खबर ऋषिकेश से सामने आ रही है। यहां योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास खंड गांव इलाके में एक हादसा हो गया। दरअसल, यहां उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय ट्रेन में कोई भी यात्री सवार नहीं था। बता दें कि बीते दिनों लगातार ट्रेन हादसों के मामले सामने आ रहे हैं। सोमवार को सासाराम में एक ट्रेन में आग लग गई। इससे पहले रविवार को भी एमपी में राजधानी एक्सप्रेस में आग लग गई थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि नियमित रखरखाव के दौरान ट्रेन के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं पूरी ट्रेन की आवाजाही को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ढाई घंटे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। वहीं दुर्घटना के बाद पटरियों पर भारी भीड़ जमा हो गई। GRP (सरकारी रेलवे पुलिस) के जवानों ने मोर्चा संभाला और लोगों को घटनास्थल से हटाया। फिलहाल रेलवे विभाग ने जांच शुरू कर दी है। रेलवे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इससे पहले सोमवार को ही सुबह 6 बजे सासाराम रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक सासाराम से आरा होकर पटना को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लगने से प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। वहीं रविवार को एक अन्य मामले में तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एक कोच में आग लग गई। ये घटना रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास हुई। जिस कोच में आग लगी उसमें 68 यात्री सवार थे। हालांकि इसमें भी कोई हताहत नहीं हुई।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *