बंगाल में सत्ता की बागडोर संभालने के बाद बीते 12 मई को राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की पहली ही बैठक में केंद्र की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू करने की मंजूरी देने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को घोषणा की कि जुलाई महीने से राज्य में आयुष्मान कार्ड वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय नवान्न में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। शुभेंदु ने कहा कि राज्य में पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य साथी कार्ड से जुड़े छह करोड़ से अधिक लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। यानी स्वास्थ्य साथी कार्डधारक को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा। साथ ही नए आवेदन भी ग्रहण किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग अभी स्वास्थ्य साथी योजना के दायरे में नहीं हैं, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से इस योजना से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आगामी 30 मई से राज्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। केंद्र सरकार के इस कार्यक्रम के तहत राज्य में सात लाख से अधिक नाबालिग लड़कियों को यह वैक्सीन दी जाएगी।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *