भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है. यूनाइटेड स्टेट्स का एक डेलिगेशन 1 से 4 जून 2026 तक नई दिल्ली आएगा. इस दौरान दोनों देशों के बीच प्रस्तावित बाइलेटरल ट्रेड एग्रीमेंट (BTA) को लेकर अहम बातचीत होगी. इस बैठक का मकसद अंतरिम ट्रेड समझौते की शर्तों को अंतिम रूप देना और बड़े व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ना है. अमेरिकी टीम अपने मुख्य वार्ताकार के नेतृत्व में भारत पहुंचेगी. फरवरी 2026 में भारत और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान जारी किया था. इसमें दोनों देशों के बीच एक अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के फ्रेमवर्क की घोषणा की गई थी. इसे भविष्य में होने वाले बड़े बाइलेटरल ट्रेड एग्रीमेंट की दिशा में पहला बड़ा कदम माना गया था. इसके बाद अप्रैल 2026 में भारतीय डेलीगेशन बातचीत के अगले दौर के लिए वॉशिंगटन डीसी भी गया था. दिल्ली में होने वाली इस बैठक में कई बड़े व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. इनमें दोनों देशों के बीच बाजार तक पहुंच आसान बनाना, टैरिफ कम करना और गैर-टैरिफ बाधाओं को घटाना शामिल है. इसके अलावा कस्टम प्रक्रिया को आसान बनाने, निवेश को बढ़ावा देने, सप्लाई चेन मजबूत करने और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत होगी. यह बैठक भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का हिस्सा मानी जा रही है. दोनों देश व्यापार, टेक्नोलॉजी, डिफेंस और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि कुछ मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद भी रहे हैं. अमेरिका लंबे समय से अपने कृषि और टेक्नोलॉजी उत्पादों के लिए भारतीय बाजार में बेहतर पहुंच चाहता है. वहीं भारत डेटा लोकलाइजेशन और बौद्धिक संपदा अधिकार जैसे मुद्दों को लेकर अपनी चिंताएं उठाता रहा है. अगर यह अंतरिम ट्रेड डील सफल रहती है तो इसका फायदा कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्नोलॉजी, डिफेंस और एनर्जी जैसे कई बड़े सेक्टरों को मिल सकता है. इससे दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ेगा और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे. पिछले कुछ वर्षों में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार लगातार बढ़ा है. दोनों देश एक-दूसरे के बड़े व्यापारिक साझेदार बन चुके हैं. ऐसे में यह बातचीत दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को और मजबूत कर सकती है.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *