दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले चेयरमैन और रिटायर्ड IAS अधिकारी ध्यानेंद्र कुमार की उनके घर में एयर कंडीशनर फटने से मौत हो गई.घटना के बाद पूरे प्रशासनिक और कॉरपोरेट जगत में शोक की लहर है.पुलिस और फोरेंसिक टीम फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर एसी में इतना बड़ा विस्फोट कैसे हुआ? आइए जानते हैं कि आईएएस ध्यानेंद्र कुमार कौन हैं और वह किन-किन पदों पर रहे हैं? ध्यानेंद्र कुमार देश के बेहद सम्मानित नौकरशाहों में गिने जाते थे. उनका जन्म 1946 में हुआ था और वह 1968 बैच के IAS अधिकारी थे. अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं.वे सिर्फ एक प्रशासनिक अधिकारी नहीं थे, बल्कि भारत की आर्थिक नीतियों, प्रतिस्पर्धा कानून और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से जुड़े बड़े चेहरों में शामिल रहे. ध्यानेंद्र कुमार का प्रशासनिक करियर जिलों से शुरू हुआ था. उन्होंने हरियाणा के कई जिलों में जिला कलेक्टर और डिप्टी कमिश्नर के तौर पर काम किया.वे करनाल और जींद के डिप्टी कमिश्नर रहे. इसके अलावा लेबर कमिश्नर, रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटीज, डायरेक्टर ऑफ इंडस्ट्रीज समेत कई अहम पदों पर भी तैनात रहे.उनकी पहचान एक सख्त लेकिन नीतिगत फैसले लेने वाले अधिकारी के रूप में थी.
