तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में सांसदों की बगावत से जूझ रहीं ममता बनर्जी सोनिया गांधी ने मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंची हैं। सोमवार को इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को गले लगाया था। ममता बनर्जी के साथ उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी भी साथ गए हैं। यह घटनाक्रम ऐसे वक्त पर सामने आया है जब कोलाकाता में ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर सीआईडी बंगाल की टीम अभिषेक बनर्जी के समन सिलसिले में पहुंची है, दूसरी ओर पार्टी के 20 लोकसभा सदस्यों के अलग गुट बनाने का दावा किया जा रहा है। बंगाल चुनावों में हार के बाद पहले 58 विधायकों ने अलग गुट बनाया। इसके बाद राज्यसभा के सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय ने इस्तीफा दिया। इसी के साथ टीएमसी बागी गुट की नेता काकोली घोष दस्तीदार ने ऐलान किया कि 20 सांसदों ने लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला को एक पत्र दिया है। इसमें उन्होंने अलग गुट बनाने की मांग की है। इसके बाद कोलकाता से लेकर दिल्ली तक राजनीति गरमा गई थी। यह सब घटनाक्रम इंडिया ब्लॉक की बैठक के बीच ही सामने आया था। ममता गुट के सांसद कीर्ति आजाद, कल्याण बनर्जी, महुआ मोइत्रा का दावा है कि विरोधी गुट के पास 19 सांसद नहीं है। अलग गुट बनाने और बीजेपी में जाने के लिए दो तिहाई सांसदों का अलग होना जरूरी है। टीएमसी में आए बागवती तूफान के बीच ममता बनर्जी के सोनिया गांधी के घर जाने को काफी अहम माना जा रहा है। टीएमसी में बगावत के बीच अभी तक यह साफ नहीं हुआ कि कौन से 20 सांसदों ने ममता बनर्जी से अपने अलग किया है। इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को सम्मान करते हुए गले लगाकर स्नेह व्यक्त किया था। अब सोनिया से मिलने के लिए बनर्जी उनके घर पर गई हैं। बंगाल चुनावों में टीएमसी की हार के बाद ममता बनर्जी ने कहा था कि मैं अब आजाद पंछी हूं। मेरे पास कोई जिम्मेदारी नहीं है। मैं अब चाहे जो कर सकती हूँ। उन्होंने कहा था कि मैं अब इंडिया ब्लॉक को मजबूत करूंगी। इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में आप और डीएमके को छोड़कर 23 पार्टियों ने शिरकत की थी। शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ऑनलाइन जुड़े थे।
