पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी सियासी खींचतान के बीच पार्टी नेतृत्व ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। महिला तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष माला रॉय को पद से हटाकर कालिगंज की विधायक अलिफा अहमद को नई अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अलिफा अहमद को नियुक्ति पत्र भेजकर नई जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की। इसके साथ ही महिला संगठन की कमान अब युवा चेहरे अलिफा अहमद के हाथों में आ गई है। कोलकाता दक्षिण से सांसद और कोलकाता नगर निगम की चेयरपर्सन माला रॉय लंबे समय से पार्टी की भरोसेमंद नेताओं में शामिल रही हैं। लेकिन हाल के दिनों में पार्टी के कथित बागी नेताओं के साथ उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि सांसद काकली घोष दस्तीदार के नेतृत्व वाले उस समूह में माला रॉय भी शामिल थीं, जिसने दिल्ली में एनडीए के समर्थन से जुड़े प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें महिला तृणमूल की अध्यक्ष पद से हटा दिया। हालांकि सूत्रों के अनुसार माला रॉय ने 8 जून को ही अपने पद से इस्तीफा भी भेज दिया था। कालिगंज की विधायक अलिफा अहमद ने पहले उपचुनाव और फिर 2026 विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज कर पार्टी नेतृत्व का विश्वास जीता था। लगातार चुनावी सफलता और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए उन्हें अब महिला तृणमूल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति की जानकारी सोशल मीडिया पर कृष्णानगर की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी साझा की। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अलिफा अहमद ने पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कालिगंज की जनता के समर्थन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। अलिफा ने कहा, “अब मुझे कालिगंज के साथ-साथ पूरे राज्य की माताओं और बहनों के लिए काम करने का अवसर मिला है। पार्टी ने मुझे इस जिम्मेदारी के योग्य समझा, इसके लिए मैं आभारी हूं।”उन्होंने पार्टी में एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि कठिन समय में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर संगठन को मजबूत करना चाहिए। विधानसभा चुनाव में अपेक्षा से खराब प्रदर्शन के बाद तृणमूल कांग्रेस संगठन में व्यापक फेरबदल कर रही है। पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कई महत्वपूर्ण पदों पर नए चेहरों को मौका दिया है। महिला तृणमूल की कमान अलिफा अहमद को सौंपना भी उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *