प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के नीस शहर पहुंच गए हैं, जहां वे आज दोपहर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान दोनों नेता ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। बैठक में भारत और फ्रांस के बीच टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, हेल्थ टेक, मेडिकल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में करीब 12 महत्वपूर्ण समझौतों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत और फ्रांस के बीच 114 राफेल लड़ाकू विमानों की डील को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होगी। भारत की ओर से इन विमानों में स्वदेशी हथियार प्रणालियों के एकीकरण की सुविधा और सोर्स कोड से जुड़े मुद्दे उठाए जाने की संभावना है। फिलहाल इस डील को लेकर कैबिनेट की सुरक्षा मामलों की समिति (CCS) से अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। प्रधानमंत्री की इस यात्रा के बाद इस पर अंतिम निर्णय होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया के छह दिवसीय दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी सातवीं फ्रांस यात्रा है। उनका यह दौरा दो चरणों में विभाजित है, जिसमें वे नीस, एवियान और पेरिस का दौरा करेंगे। वे 13-14 जून तक नीस में रहेंगे, इसके बाद 16-17 जून को एवियान में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। 18 जून को पेरिस में वे राष्ट्रपति मैक्रों के साथ विवाटेक सम्मेलन में शामिल होंगे। G7 समिट के दौरान 17 जून को प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी द्विपक्षीय मुलाकात होगी। दोनों नेता लगभग 16 महीने बाद आमने-सामने मिलेंगे। इससे पहले उनकी अंतिम मुलाकात फरवरी 2025 में वॉशिंगटन में हुई थी। फ्रांस दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14 जून की शाम स्लोवाकिया के लिए रवाना होंगे, जहां वे 15 जून तक रहेंगे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री रोबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रीनी से मुलाकात करेंगे। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *