विधानसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। राज्य सरकार में मंत्री रह चुके वरिष्ठ नेता मानस भुइयां ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है। मानस भुइयां ने अपने फैसले की जानकारी पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अब तृणमूल कांग्रेस से किसी भी रूप में जुड़े नहीं रहेंगे और पार्टी के सभी दायित्वों से स्वयं को अलग कर रहे हैं। गौरतलब है कि मानस भुइयां लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति से जुड़े रहे। वर्ष 2016 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा था। पश्चिम मेदिनीपुर जिले की सबंग विधानसभा सीट से वह सात बार विधायक चुने गए, जिनमें से छह जीत उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में हासिल की थीं। इस्तीफे के बाद भुइयां ने कहा कि राजनीति में सक्रिय भूमिका भले बदल जाए, लेकिन जनता की सेवा का उनका संकल्प नही बदलेगा। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम दिन तक वह सबंग और राज्य के लोगों के हित में काम करते रहेंगे। टीएमसी छोड़ने के पीछे की वजहों पर उन्होंने कोई टिप्पणी नही की। वहीं भाजपा में शामिल होने की अटकलों को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। उनका कहना था कि फिलहाल उन्होंने इस विषय पर कोई निर्णय नहीं लिया है और भविष्य में स्थिति के अनुसार फैसला करेंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *