पश्चिम बंगाल के प्रशासनिक इतिहास में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आज, सोमवार (15 जून) से ‘जनकल्याण शिविर’ (जन कल्याण शिविर) की भव्य शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र नंदीग्राम के रेयापाड़ा से इस महत्वाकांक्षी अभियान का औपचारिक उद्घाटन किया गया। “आपका अधिकार, आपकी सुविधा” के नारे के साथ शुरू हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आम जनता के दरवाजे तक पहुँचाना है। यह विशेष शिविर आज 15 जून से शुरू होकर 17 जून 2026 तक पूरे राज्य के सभी 342 ब्लॉकों में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर का समय रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक तय किया गया है। शिविर में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन धन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), सॉयल हेल्थ कार्ड (मृत्तिका स्वास्थ्य कार्ड), प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना सहित कुल 56 प्रमुख सरकारी योजनाओं की सेवाएं और लाभ एक ही छत के नीचे दिए जा रहे हैं। नंदीग्राम के रेयापाड़ा शिव मंदिर से सटे मैदान में इस शिविर के लिए विशेष तौर पर प्रशासनिक स्टॉल तैयार किए गए हैं। जारी आधिकारिक पोस्टर के अनुसार, शिविर में आम लोगों की सुविधा के लिए 19 से अधिक समर्पित काउंटर बनाए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

कृषि, मत्स्य और भूमि विभाग (पीएम किसान, केसीसी और जमीन के रिकॉर्ड में सुधार के लिए)

स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग (आयुष्मान भारत और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए)

गृह विभाग (Counter-9): जहाँ सबसे महत्वपूर्ण रूप से आधार पंजीकरण/संशोधन और सीएए (CAA) आवेदन से जुड़ी सुविधाएं दी जा रही हैं।

खाद्य आपूर्ति और श्रम विभाग (राशन कार्ड संशोधन, उज्ज्वला योजना और ई-श्रम के लिए)

शिविर में आने वाले नागरिक सीधे इन काउंटरों पर जाकर अपनी समस्याओं को दर्ज करा रहे हैं और सरकारी अधिकारी मौके पर ही आवेदन फॉर्म जमा लेकर उनका निवारण कर रहे हैं। इस बड़े आयोजन को लेकर पूर्व मेदिनीपुर के जिला मजिस्ट्रेट (DM) निरंजन कुमार ने कहा, “मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में जिले में जन कल्याण शिविर की शुरुआत हो चुकी है। इससे जिले के लाखों लोगों को सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। जनता की सेवा करना ही सरकार का मुख्य कर्तव्य है और हमारी पूरी प्रशासनिक टीम इसमें जुटी हुई है।” वहीं, बीजेपी की नंदीग्राम विधानसभा कमेटी के संयोजक अभिजीत मैती ने इसे सरकार की प्रतिबद्धता बताते हुए कहा, “सत्ता में आने से पहले ही हमने जनता को ‘संकल्प वार्ता’ के जरिए जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करना हमारा कर्तव्य है। आज मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र से इस बड़े प्रशासनिक कार्य की शुरुआत होना बेहद गौरव की बात है।”

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *