पश्चिम बंगाल दिघा में एक होटलकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक मिलन माइती सोमवार रात ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने सहकर्मियों को फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया है। कुछ देर बाद सहकर्मी मौके पर पहुंचे तो मिलन सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े मिले। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 31 वर्षीय मिलन माइती के रूप में हुई है। वह रामनगर थाना क्षेत्र के निवासी थे और न्यू दिघा के एक होटल में कर्मचारी के तौर पर काम करते थे। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे उनकी ड्यूटी समाप्त हुई थी, जिसके बाद वह घर के लिए निकले थे। होटल सूत्रों के अनुसार, घर लौटते समय मिलन ने अपने कुछ सहकर्मियों को फोन किया। उन्होंने बताया कि दिघा सीमा के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया है। मिलन ने सहकर्मियों से तत्काल मौके पर पहुंचने की अपील की थी। फोन मिलने के बाद सहकर्मी बताए गए स्थान पर पहुंचे। वहां मिलन सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े मिले। उन्हें तुरंत दिघा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। यही वजह है कि मौत के कारणों को लेकर रहस्य और गहरा गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कांथी महकमा अस्पताल भेज दिया है। साथ ही होटल के दो कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *