कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त वहां करीब 50 से 60 मजदूर काम कर रहे थे, जो पलक झपकते ही मलबे के विशाल ढेर के नीचे फंस गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ सेना को भी रेस्क्यू आपरेशन में उतार दिया गया है। चश्मदीदों के मुताबिक, गोदाम में निर्माण का काम चल रहा था, तभी अचानक पूरा ढांचा ढह गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोदाम में ढलाई का काम चल रहा था, तभी अचानक पूरी संरचना ढह गई। उस समय वहां करीब 50 से 60 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। बाद में सेना की टीम को भी राहत कार्य में लगाया गया। बचाव दल गैस कटर की मदद से लोहे की बीम काटकर फंसे हुए मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। घटनास्थल पर कई एंबुलेंस मौजूद हैं और घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने मृतकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। इस हादसे के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। क्या निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की मांग की जा रही है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार की भारी बारिश के कारण ढांचा कमजोर हो गया होगा, जिससे यह हादसा हुआ।
नबन्ना स्थित आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम ने इस हादसे को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
1070
8697981070
033 22143526
033 22535185
