जुलाई महीने की शुरुआत के साथ देशभर में कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। जहां एक ओर कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती की गई है, वहीं पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है। इसके अलावा बिना टिकट ट्रेन यात्रा पर जुर्माना दोगुना कर दिया गया है और आधार में ईमेल अपडेट की सुविधा मुफ्त कर दी गई है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में औसतन 180 रुपये तक की कटौती की है। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर 2,930 रुपये में उपलब्ध है, जबकि पहले इसकी कीमत 3,113.50 रुपये थी।हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 1 जुलाई से पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा समाप्त कर दी गई है। अब उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार डीजल खरीद सकेंगे। सरकार ने उद्योगों और बड़े उपभोक्ताओं पर लगाई गई बल्क खरीद संबंधी पाबंदियां भी हटा दी हैं। यह प्रतिबंध जून में ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लगाया गया था, जिसे अब स्थिति सामान्य होने पर वापस ले लिया गया है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी लागू कर दी है। अब सामान्य पासपोर्ट बनवाने या रिन्यू कराने के लिए पहले की तुलना में अधिक शुल्क देना होगा।करीब 14 साल बाद पासपोर्ट फीस में संशोधन किया गया है। नई दरें 1 जुलाई से प्रभावी हो गई हैं। रेल मंत्रालय ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है। यदि कोई यात्री बिना टिकट पकड़ा जाता है तो उसे टिकट के किराए के साथ कम से कम 500 रुपये जुर्माना देना होगा। गंभीर मामलों में अदालत द्वारा 6 महीने तक की जेल, 1,000 रुपये तक का जुर्माना या दोनों की सजा भी हो सकती है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट कराने की 75 रुपये की फीस समाप्त कर दी है।यह सुविधा 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक पूरी तरह मुफ्त रहेगी। निर्धारित अवधि के बाद शुल्क दोबारा लागू किया जा सकता है। जुलाई से कई प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों ने अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। किआ इंडिया ने अपने सभी मॉडल की कीमतों में 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है, जबकि टाटा मोटर्स ने अपने वाहनों की कीमतें 1.5 प्रतिशत तक बढ़ा दी हैं। कंपनियों ने बढ़ती उत्पादन लागत और महंगाई को इसकी मुख्य वजह बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *