पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक टकराव लगातार तेज होता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में नदिया जिले के कालीगंज में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा को विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। पार्टी की एक बैठक के दौरान प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाए, ‘गो बैक’ के नारे लगाए और अंडे फेंकने की कोशिश की, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, कालीगंज के पलाशी में TMC विधायक अलीफा अहमद के आवास पर पार्टी की संगठनात्मक बैठक चल रही थी। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी घर के बाहर जमा हो गए। उन्होंने महुआ मोइत्रा के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन करते हुए अंडे फेंकने का प्रयास किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। घटना के बीच महुआ मोइत्रा ने फेसबुक लाइव शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन करने वाले सभी लोग भाजपा कार्यकर्ता थे। महुआ ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था कमजोर हो गई है और राजनीतिक विरोध के नाम पर उन पर हमला करने की साजिश रची गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर वहां से हटाया और हालात को नियंत्रण में लिया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई। यह पहली बार नहीं है जब महुआ मोइत्रा को इस तरह के विरोध का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले 13 जून को कृष्णनगर जिला अदालत में पेशी के दौरान भी उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ था। उस समय उन्होंने कहा था कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगी और जरूरत पड़ने पर हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *