पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत मानी जाने वाली ट्राम अब आधुनिक स्वरूप में एक बार फिर कोलकाता की सड़कों पर दौड़ती नजर आएगी। राज्य सरकार जल्द ही शहर में वातानुकूलित (एसी) ट्राम सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही ट्राम नेटवर्क के विस्तार के लिए नए रूट विकसित करने की भी योजना बनाई गई है। यह जानकारी राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने बुधवार को मर्चेंट्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एमसीसीआई) के विशेष सम्मेलन में दी। ‘पश्चिम बंगाल में नए ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम के लिए विजन’ विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि ट्राम हमेशा से कोलकाता आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही है। इस विरासत को संरक्षित करने और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए नई एसी ट्राम चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि ट्राम सेवा के विस्तार की विस्तृत योजना तैयार करने के लिए परामर्शदाता कंपनी राइट्स को सर्वे का जिम्मा सौंपा गया है। प्रस्तावित योजना के तहत न्यू टाउन में नया ट्राम रूट विकसित किया जाएगा, जबकि दक्षिणेश्वर से कालीघाट तक एक नया ट्राम कॉरिडोर भी बनाया जाएगा। परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सरकारी बसों के बेड़े का भी आधुनिकीकरण कर रही है। जल्द ही बड़ी संख्या में नई एसी बसें शामिल की जाएंगी, जो इलेक्ट्रिक और सीएनजी ईंधन से संचालित होंगी। इलेक्ट्रिक बसों के सुचारु संचालन के लिए पूरे राज्य में आधुनिक और एकीकृत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अंतर्देशीय जलमार्ग परिवहन को मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके अलावा गंगा नदी के किनारे एक आधुनिक बंदरगाह विकसित करने की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है, जिससे परिवहन और व्यापार दोनों को नई गति मिल सके। परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग और व्यापार के अनुकूल माहौल तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि किसी भी परियोजना की फाइल नौकरशाही में लंबित नहीं रहने दी जाएगी और राजनीतिक स्तर पर त्वरित निर्णय लिए जाएंगे। सरकार लॉजिस्टिक्स और परिवहन सुविधाओं को मजबूत कर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी। साथ ही निवेश आकर्षित करने के लिए परिणामोन्मुखी बिजनेस समिट आयोजित करने की भी योजना बनाई जा रही है। कार्यक्रम में एमसीसीआई के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मुनीश झाझरिया ने कहा कि उद्योगों के विस्तार के साथ आधुनिक परिवहन अवसंरचना की भूमिका लगातार बढ़ रही है। बेहतर सड़कें, सार्वजनिक परिवहन, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब, पोर्ट, एयरपोर्ट, रेल कनेक्टिविटी और अंतर्देशीय जलमार्ग किसी भी प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव होते हैं। परिचर्चा में एमसीसीआई काउंसिल ऑन लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट एंड शिपिंग के चेयरमैन लवेश पोद्दार और कलकत्ता गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे।
