समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने अयोध्या के राममंदिर में चढ़ावे और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राममंदिर में कम से कम 20 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। साथ ही दावा किया कि प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार और दमनकारी नीतियों से ऊब चुकी है तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी। सैफई में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि राममंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में अब तक हुई कार्रवाई केवल सतही है। उनका आरोप है कि इस मामले में बड़े लोग शामिल हैं, इसलिए जांच वास्तविक जिम्मेदारों तक नहीं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने राममंदिर में सोना, चांदी, हीरे के हार सहित बड़ी मात्रा में बहुमूल्य वस्तुएं चढ़ाई हैं, लेकिन उनका पूरा हिसाब अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कम से कम 20 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। उनका कहना था कि केवल कुछ लोगों पर कार्रवाई कर मामले को समाप्त नहीं किया जा सकता। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *