पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 12 वर्षीय नाबालिग की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार देर रात तक लगातार छापेमारी की। इस अभियान के दौरान तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले दो लोगों को हिरासत में लिया जा चुका था। अब इस मामले में कुल पांच आरोपी पुलिस के कब्जे में हैं। सोमवार को सभी को अदालत में पेश किया जाएगा। जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के जरिए घटना की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जाएगा। पुलिस अदालत से आरोपियों की रिमांड मांग सकती है ताकि मामले की हर कड़ी को जोड़कर मजबूत चार्जशीट तैयार की जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी जांच में शामिल किया गया। संयुक्त टीम ने रातभर कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर संदिग्धों को पकड़ा। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को बच निकलने का कोई मौका नहीं दिया गया। इस संवेदनशील मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पिनाकी दत्ता के नेतृत्व में छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। टीम फोरेंसिक रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है, ताकि अदालत में ठोस सबूत पेश किए जा सकें। घटना के बाद बारुईपुर में लोगों का गुस्सा अभी भी बना हुआ है। विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *