प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिन की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। श्री मोदी ने कहा कि वे राष्‍ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर इंडोनेशिया जा रहे हैं।  इस यात्रा से दोनों देशों की व्‍यापक रणनीतिक भागीदारी और मजबूत होगी। इंडोनेश‍िया के राष्‍ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो वर्ष 2025 के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि के रूप में भारत आए थे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कहा कि इंडोनेशिया में वे राष्‍ट्रपति सुबियांतो के साथ प्रम्‍बनन मंदिर जाएंगे और भारतवंशियों से भी बातचीत करेंगे। इंडोनेशिया से प्रधानमंत्री मोदी ऑस्‍ट्रेलिया जाएंगे। उनकी यात्रा प्रधानमंत्री एंथनी एल्‍बनीज के निमंत्रण पर हो रही है। उनकी यात्रा से भारत-ऑस्‍ट्रेलिया व्‍यापक रणनीतिक भागीदारी और मजबूत होगी। दोनों पक्षों के बीच रक्षा और सुरक्षा, व्‍यापार और निवेश, शिक्षा, मोबिलिटी, उभरती प्रौद्योगिकी, खेल और जनसंपर्क पर विचार-विमर्श होगा। श्री मोदी ऑस्‍ट्रेलिया में भारतवंशियों से भी मिलेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी न्‍यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्‍टोफर लक्‍सन के निमंत्रण पर ऑकलैंड जाएंगे। इस यात्रा के दौरान आर्थिक, व्‍यापार और वाणिज्‍यि‍क संबंधों पर विचार-विमर्श होगा तथा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री लक्‍सन पिछले वर्ष मार्च में भारत आए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया, ऑस्‍ट्रेलिया और न्‍यूजीलैंड यात्रा से भारत की एक्‍ट ईस्‍ट नीति, महासागर लक्ष्य तथा स्‍वतंत्र और मुक्‍त हिंद प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारतीय दृष्टिकोण और सशक्‍त होगा। 

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *