प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की सूची में एक और प्रतिष्ठित सम्मान जुड़ गया है। इंडोनेशिया ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ से सम्मानित किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को मिले वैश्विक सम्मानों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। बिंतांग आदिपूर्णा, जिसे ‘मेडल ऑफ ऑनर’ भी कहा जाता है, इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने इंडोनेशिया गणराज्य की एकता, निरंतरता और समृद्धि के लिए असाधारण योगदान दिया हो। इस सम्मान के साथ प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2016 से अब तक एशिया, यूरोप, अफ्रीका और अमेरिका के देशों से 35 अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री को मिले सम्मानों में सबसे अधिक हैं। इनमें से कई सम्मान सदियों पुराने इतिहास और परंपराओं से जुड़े हुए हैं। हाल ही में सेशेल्स ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया था। यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उनके नेतृत्व को मान्यता देते हुए दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को जलवायु परिवर्तन से निपटने और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहे सभी देशों को समर्पित किया था। प्रधानमंत्री मोदी को मिले प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मानों में भूटान का ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ भी शामिल है, जो भूटान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। वह यह सम्मान पाने वाले पहले विदेशी शासनाध्यक्ष बने। नाइजीरिया ने उन्हें ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ से सम्मानित किया। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बाद वह यह सम्मान पाने वाले दूसरे विदेशी नेता बने। सम्मान समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों नेताओं ने ऊर्जा, व्यापार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में वर्ष 2018 में स्थापित भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई और भविष्य के सहयोग का रोडमैप तय किया गया। जकार्ता स्थित राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्डेका में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण एमओयू और द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इंडोनेशिया दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भारत और इंडोनेशिया के राष्ट्रीय ध्वज लेकर पहुंचे। प्रधानमंत्री ने बच्चों का अभिवादन स्वीकार किया और उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात की तथा राष्ट्रपति भवन की विजिटर बुक पर हस्ताक्षर भी किए। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देशों ने रक्षा, व्यापार, समुद्री सहयोग और डिजिटल विकास जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
