पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के सोदपुर के घोला महेंद्रनगर इलाके में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब साइकिल से सोदपुर स्टेशन जा रही एक महिला पर उसके पति ने कांचकल स्कूल मोड़ के सामने अचानक धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी गर्दन और शरीर पर भी धारदार हथियार से कई वार किए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय सागर दत्ता अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान गीता दास और घायल आरोपी की पहचान सुभाष दास के रूप में हुई है। दोनों पति-पत्नी थे। फिलहाल सुभाष दास का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। खड़दह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *