राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने विजयवाड़ा ISIS-AQIS ऑनलाइन आतंकी कट्टरपंथी नेटवर्क मामले में बुधवार को देशभर में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली समेत 10 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई. महाराष्ट्र में नवी मुंबई के पनवेल इलाके में NIA ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है. वहीं, एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी है. सूत्रों के मुताबिक, कुछ महीने पहले विजयवाड़ा पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ISIS (इस्लामिक स्टेट) और AQIS (अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट) की विचारधारा फैलाने तथा भारत में हिंसक जिहाद के जरिए इस्लामिक स्टेट (खिलाफत) स्थापित करने की साजिश के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में से एक का संबंध पनवेल से सामने आया था. पूछताछ में उसने पनवेल के दो अन्य लोगों के नाम बताए थे, जिनकी कथित संलिप्तता की जांच की जा रही है. इसी इनपुट के आधार पर NIA ने पनवेल में सर्च ऑपरेशन चलाया. NIA के अनुसार, यह मामला मार्च 2026 में विजयवाड़ा पुलिस द्वारा दर्ज किया गया था. मुख्य आरोपी रहमतुल्लाह शरीफ मोहम्मद के घर पर छापेमारी के दौरान ISIS और AQIS से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सामग्री बरामद हुई थी. मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए मई 2026 में इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने अपने हाथ में ले ली थी. अब तक इस मामले में 11 आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया जा चुका है. बुधवार को हुई छापेमारी के दौरान कई डिजिटल डिवाइस और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. एजेंसी इन उपकरणों से नेटवर्क के अन्य सदस्यों और विदेशी संपर्कों की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है. NIA की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी और उनके सहयोगी देशभर के युवाओं को हिंसक जिहादी सामग्री और भ्रामक प्रचार के जरिए कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर रहे थे. जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में भी थे और ऑनलाइन माध्यम से ISIS तथा AQIS की विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर भारत विरोधी साजिश को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे थे. फिलहाल NIA इस पूरे नेटवर्क, उससे जुड़े अन्य संदिग्धों, विदेशी कनेक्शन और देश में कथित आतंकी साजिश के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. एजेंसी का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *