बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार प्रसेनजीत चटर्जी ने गुरुवार को राज्य सचिवालय नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। शाम करीब पांच बजे नवान्न पहुंचे अभिनेता लगभग दो घंटे बाद बाहर निकले और स्पष्ट किया कि उनकी मुख्यमंत्री के साथ किसी भी राजनीतिक विषय पर चर्चा नहीं हुई। पत्रकारों से बातचीत में प्रसेनजीत ने कहा कि उनकी मुलाकात को लेकर बाहर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन उनमें अधिकांश सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री के साथ कॉफी पी और कुछ देर बातचीत की। इसके अलावा टॉलीवुड उद्योग के विकास और महानायक उत्तम कुमार की पुण्यतिथि पर विशेष सम्मान देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि यदि कभी राजनीति में आने का फैसला करेंगे तो इसकी जानकारी सबसे पहले जनता को देंगे। बताते चलें कि हाल में बीते छह जुलाई को जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने कोलकाता दौरे पर आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बालीगंज इलाके में प्रसेनजीत चटर्जी के घर जाकर उनसे मुलाकात की थी। उसके बाद से ही उनकी राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि प्रसेनजीत ने इस मुलाकात का भी जिक्र करते हुए कहा कि अमित शाह कुछ मिनटों के लिए उनके घर आए थे और यह पहले से तय शिष्टाचार भेंट थी। राजनीति से इसका कोई संबंध नहीं है। अभिनेता ने कहा कि फिल्म उद्योग से जुड़े कुछ विषयों और अपनी टीम की जरूरतों के संबंध में प्रोटोकाल के तहत मुख्यमंत्री से अनुरोध करने वह नवान्न पहुंचे थे। उन्होंने साफ कहा कि उनकी प्राथमिकता टालीवुड उद्योग का विकास है और इस मुलाकात का राजनीति से कोई संबंध नहीं है।
