पूर्व मेदिनीपुर के शंकरपुर से गहरे समुद्र में मछली पकड़ने गया ‘मां काली’ नामक ट्रॉलर 15 मछुआरों समेत लापता हो गया है। निर्धारित समय पर ट्रॉलर के बंदरगाह नहीं लौटने और उसमें सवार किसी भी मछुआरे से संपर्क नहीं होने के बाद प्रशासन ने खोज अभियान शुरू कर दिया है। घटना से ट्रॉलर मालिक और लापता मछुआरों के स्वजनों में भारी चिंता है। जिला मत्स्य अधिकारी सुमन साहा ने बताया कि ट्रॉलर के लापता होने की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल और तटीय थाना पुलिस को अवगत करा दिया गया। सभी संभावित क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी गई है। समुद्र में मौजूद अन्य ट्रॉलर को भी सतर्क कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, लापता ट्रॉलर ‘मा काली’ का मालिक रामनगर थाना क्षेत्र के देउलीबांग्ला निवासी अभिजीत बेड़ा है। ट्रॉलर इस महीने की शुरुआत में गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए रवाना हुआ था। तय समय पर लौटना था, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। अन्य संचार माध्यमों से भी संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी शंकरपुर फिशरमैन एंड फिश ट्रेडर्स एसोसिएशन और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है। एसोसिएशन के सचिव स्वदेशरंजन नायक ने बताया कि पूरे मामले से प्रशासन, स्थानीय विधायक और भारतीय तटरक्षक बल को अवगत करा दिया गया है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से भी मामले में हस्तक्षेप की अपील की है। बुधवार रात राज्य के मंत्री राजेश महतो और पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा शंकरपुर मत्स्य बंदरगाह पहुंचे। उन्होंने लापता मछुआरों के स्वजन से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। जिला मत्स्य अधिकारी ने उम्मीद जताई कि जारी खोज अभियान के जरिए जल्द ही लापता ट्रॉलर का पता लगा लिया जाएगा।
