नरेन्द्र मोदी 40 साल में न्यूजीलैंड का दौरा करने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। मोदी शुक्रवार को अपने तीन देशों के दौरे के आखिरी चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे। ऑकलैंड एयरपोर्ट पर खुद न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन पहुंचे थे। पीएम मोदी न्यूज़ीलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा उनका भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। नई दिल्ली से रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि यह दौरा मार्च 2025 में लक्सन की भारत यात्रा के बाद ‘भारत-न्यूजीलैंड संबंधों में आई मजबूत गति’ को ‘सार्थक रूप से आगे बढ़ाएगा’। उन्होंने यह भी कहा कि इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की उनकी यात्राएं भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’, ‘महासागर विजन’ और आजाद और खुले इंडो-पैसिफिक के प्रति भारत के नजरिए को और मजबूत करेंगी। न्यूजीलैंड के पीएम के साथ द्विपक्षीय बैठक में सबसे बड़ा समझौता कारोबार को लेकर होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) हो चुका है किसकी घोषणा की जाएगी। इसके अलावा ऑकलैंड के स्पार्क एरिना में भारतीय समुदाय का एक विशाल कार्यक्रम रखा गया है जिसमें 10,000 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा न्यूजीलैंड के गवर्नर-जनरल, प्रमुख व्यापारिक घरानों और खेल जगत की हस्तियों के साथ भी पीएम मोदी बैठकें करेंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। न्यूजीलैंड के पीएम ने इस कारोबारी समझौते को ऐतिहासिक बताया है। पीएम लक्सन की तरफ से की गई घोषणा के अनुसा समझौते के तहत भारत को निर्यात किए जाने वाले उत्पादों और सेवाओं की व्यापक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी जिसमें पहले ही दिन से न्यूजीलैंड के 57% निर्यात शुल्क-मुक्त होंगे। रक्षा, शिक्षा और तकनीकी आदान-प्रदान को गहरा करने पर बात होगी। भारत न्यूजीलैंड में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत है। ऑस्ट्रेलिया की तीन दिन की यात्रा पूरी करने के बाद मोदी न्यूजीलैंड पहुंचे हैं जहां उन्होंने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ शिखर वार्ता की। दोनों नेताओं ने शांतिपूर्ण इंडो-पैसिफिक क्षेत्र सुनिश्चित करने में द्विपक्षीय साझेदारी के महत्व पर जोर दिया। बातचीत का एक मुख्य पहलू रक्षा संबंधों खासकर समुद्री क्षेत्र में उसे काफी मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *