भारत और न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर सहमति बन गई है। ऑकलैंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की मौजूदगी में दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच महज नौ महीनों में एफटीए को अंतिम रूप दिया जाना एक बड़ी उपलब्धि और रिकॉर्ड है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड आर्थिक, व्यापारिक और रणनीतिक सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समझौता दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही न्यूजीलैंड अगले 15 वर्षों में भारत में लगभग 20 अरब डॉलर (करीब ₹1.72 लाख करोड़) का निवेश करेगा। उन्होंने कहा कि यह निवेश भारत के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के लगभग 40 हजार लोगों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय प्रवासियों के साथ संवाद और दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई तक तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे हैं। दौरे के समापन के बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उल्लेखनीय है कि करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड का दौरा किया है। इससे पहले वर्ष 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने न्यूजीलैंड की यात्रा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *