गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित 149वीं भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के शुभ अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार सुबह प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की मंगल आरती में भाग लिया और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे। आषाढ़ी बीज के पावन अवसर पर हर साल भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकलते हैं। इस परंपरा को देखने और भगवान के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अहमदाबाद पहुंचते हैं। मंदिर के महंत दिलीपदासजी, संत-महंत और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मंगल आरती संपन्न हुई। इसके बाद भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी महाप्रभु जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर देश और विदेश में रहने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आस्था, संस्कृति और एकता का प्रतीक है। राष्ट्रपति ने देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि यह पावन अवसर भक्त और भगवान के अद्भुत मिलन का प्रतीक है। अहमदाबाद की जगन्नाथ रथ यात्रा देश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में गिनी जाती है। हर वर्ष इसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं और पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिलता है।
