कोलकाता एयरपोर्ट स्थित मस्जिद में नमाज़ पर रोक के विवाद ने शुक्रवार को गंभीर रूप ले लिया है। इस मुद्दे पर पूर्व मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी द्वारा ‘जुमे की नमाज़’ के लिए बड़े स्तर पर जुटने के आह्वान के बाद राज्य प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय स्थिति को टालने के लिए एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है। शुक्रवार सुबह (17 जुलाई) से ही बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस लगातार माइकिंग कर आम लोगों और समुदाय को सचेत कर रही है कि क्षेत्र में धारा 144 प्रभावी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थान पर चार या उससे अधिक लोगों का एक साथ जमा होना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा। यह पूरा विवाद एयरपोर्ट के दूसरे रनवे के समीप स्थित मस्जिद में नमाज़ बंद किए जाने को लेकर शुरू हुआ है। राज्य के पूर्व मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय से सड़क पर उतरने और एयरपोर्ट के गेट नंबर-7 (बांकड़ा इलाका) के सामने जुटने की अपील की थी। इस आह्वान के बाद संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही कमर कस ली है। शुक्रवार सुबह से ही मस्जिद के प्रवेश द्वार और एयरपोर्ट के आसपास के पूरे क्षेत्र को पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (Paramilitary Forces) की कड़ी सुरक्षा में घेर लिया गया है। प्रशासन की ओर से किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या समूह को वहां फटकने की इजाजत नहीं दी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैनात है। पुलिस का कहना है कि शहर की सुरक्षा और एयरपोर्ट जैसी संवेदनशील जगह पर व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *