प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में अल्लूरी सीताराम राजू भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। लगभग 5,640 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट राज्य का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे। भोगपुरम एयरपोर्ट शुरू होने से विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापट्टनम समेत पूरे उत्तर आंध्र की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर बढ़ते यात्री दबाव में भी कमी आएगी। आंध्र प्रदेश दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 18 हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें सड़क, रेल, ऊर्जा और नागरिक उड्डयन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में तेजी से आधुनिक हवाई अड्डे, एक्सप्रेसवे, बंदरगाह और रेलवे नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। उनका कहना था कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकसित भारत की सबसे बड़ी पहचान बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आंध्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देने के साथ-साथ वैश्विक निवेश को भी आकर्षित करेगा।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *