बंगाल की खाड़ी में शनिवार को एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया, जहां ओडिशा तट से लगभग 240 नॉटिकल मील दूर पनामा के ध्वज वाला मालवाहक जहाज ‘एमवी ओशन-विनर’ (MV Ocean-Winner) समुद्र में डूब गया। जहाज पर चालक दल और नाविकों सहित कुल 24 सदस्य सवार थे, जिनकी तलाश और सुरक्षित बचाव के लिए भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, यह मालवाहक जहाज ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से 1700 टन लौह अयस्क (Iron Ore) लादकर सिंगापुर की ओर जा रहा था। शनिवार सुबह करीब 11:48 बजे जहाज का संचालन करने वाली कंपनी ‘विक्ट्री स्टार ग्रुप कंपनी लिमिटेड’ की ओर से श्री विजया पुरम स्थित मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) को सूचना दी गई कि जहाज से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। हादसे की खबर मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। तटरक्षक बल के दो प्रमुख जहाजों ‘वरद’ और ‘अनमोल’ को प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया, जबकि श्री विजया पुरम से ‘विजित’ नामक जहाज को सहायता के लिए रवाना किया गया। भारतीय नौसेना के जहाज और विमान भी लापता सदस्यों की खोज में लगे हुए हैं। डूबने वाले जहाज पर मौजूद 24 क्रू सदस्यों में से 20 चीनी नागरिक हैं, जबकि 3 म्यांमार और 1 बांग्लादेश का नागरिक है। एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाला जा सका है या उनका क्या हाल है।मैरीटाइम रेस्क्यू सेंटर ने बंगाल की खाड़ी के उस मार्ग से गुजरने वाले अन्य सभी व्यावसायिक जहाजों को हादसे की सूचना दे दी है। आसपास मौजूद जहाजों से भी अनुरोध किया गया है कि वे इलाके पर नजर रखें और बचाव कार्य में सहयोग प्रदान करें। फिलहाल समुद्र में सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *