बांग्ला सिनेमा के महानायक उत्तम कुमार की जन्मशती के उपलक्ष्य में कोलकाता के न्यूटाउन में शुक्रवार को उत्तम कुमार फिल्म सेंटर की नींव रखते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि महानायक को लेकर सिर्फ क्षणिक आयोजन करना पर्याप्त नहीं है। ऐसा कुछ सृजन करके जाना होगा, जिसे पीढ़ी दर पीढ़ी याद रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि महानायक उत्तम कुमार को लेकर बंगाल के लोगों के मन में जो प्रेम है, उसमें किसी तरह का दलगत विभाजन या भेदभाव नहीं है। इसी भावना के साथ उनकी जन्मशती पर ऐसे स्थायी कार्य किए जा रहे हैं, जिन्हें आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। मुख्यमंत्री ने सुबह न्यूटाउन में फिल्म सेंटर के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान दिग्गज अभिनेता व भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती, रंजीत मल्लिक और प्रसेनजीत चटर्जी समेत फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। रवींद्र सदन और नंदन की तर्ज पर उत्तम कुमार फिल्म सेंटर को तीन हिस्सों में विकसित किया जाएगा। पहले हिस्से में 750-750 सीटों वाले दो सिनेमाघर, प्रीव्यू थिएटर, फूड कोर्ट और कार पार्किंग की सुविधा होगी। दूसरे हिस्से में 1,000 सीटों वाला सभागार और खुले में कार्यक्रमों के लिए ओपन एयर थिएटर बनाए जाएंगे। तीसरे हिस्से में एनीमेशन, दृश्य प्रभाव, गेमिंग, कामिक्स, एक्सटर्नल रियलिटी और फिल्मों के पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़ी प्रयोगशालाएं और स्टूडियो विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए मिट्टी की जांच का काम पूरा हो चुका है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। बरसात समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह फिल्म सेंटर अपनी सुविधाओं और स्वरूप के कारण लोगों को आकर्षित करेगा। राज्य वासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महानायक उत्तम कुमार को लेकर लोगों के मन में जो प्रेम है, उसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं है। उन्होंने कहा कि महानायक को सभी प्यार करते हैं और उनके योगदान पर गर्व करते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और सांस्कृतिक जगत से जुड़े विभिन्न लोगों के सहयोग से गुरुवार को महानायक की जन्मशती के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महानायक उत्तम कुमार का जन्म तीन सितंबर को हुआ था और तिथि के अनुसार उसी दिन जन्माष्टमी पड़ना भी विशेष संयोग है। उन्होंने जन्मशती के मौके गुरुवार शाम कोलकाता में आयोजित विशाल पदयात्रा और अन्य कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन आयोजनों को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इससे पहले मिथुन चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री ने जो बातें कही हैं, वे निश्चित रूप से पूरी होंगी। वहीं, दिग्गज अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी संबोधन के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि जिस नींव पर खड़े होकर आज वे और फिल्म जगत के दूसरे कलाकार काम कर रहे हैं, उसकी नींव महानायक उत्तम कुमार डालकर गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से महानायक की जन्मशती के अवसर पर पूरे वर्ष कुछ न कुछ कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *