रविवार को कोलकाता के महत्वपूर्ण विद्यासागर सेतु, जिसे दूसरा हुगली पुल भी कहा जाता है, पर चार घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने मरम्मत और तकनीकी कार्यों को देखते हुए 13 सितंबर 2026 को सुबह 6 बजे से 10 बजे तक सेतु को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रखने की अधिसूचना जारी की है। पुल पर स्टे और होल्डिंग डाउन केबल्स के साथ-साथ बेयरिंग समेत अन्य आवश्यक मरम्मत और पुनर्कार्य किया जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा। एजेसी बोस रोड से विद्यासागर सेतु की ओर जाने वाले पश्चिममुखी वाहनों को टर्फ व्यू के रास्ते हेस्टिंग्स क्रॉसिंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन सेंट जॉर्ज गेट रोड और स्ट्रैंड रोड के रास्ते हावड़ा ब्रिज का उपयोग कर सकेंगे। वहीं, हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से दाएं मुड़कर केपी रोड की ओर जाने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। केपी रोड से पश्चिम दिशा में आने वाले वाहनों को 11 फर्लांग गेट से हेस्टिंग्स क्रॉसिंग की ओर मोड़ा जाएगा। यहां से वाहन सेंट जॉर्ज गेट रोड और स्ट्रैंड रोड होते हुए हावड़ा ब्रिज के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। खिदिरपुर की ओर से सीजीआर रोड के रास्ते विद्यासागर सेतु की तरफ आने वाले पूर्वमुखी वाहनों को हेस्टिंग्स क्रॉसिंग पर बाईं ओर मोड़ दिया जाएगा। इन वाहनों को सेंट जॉर्ज गेट रोड, स्ट्रैंड रोड और हावड़ा ब्रिज के रास्ते आगे जाने की व्यवस्था की गई है। घोड़ा पास के पास स्थित वाई-पॉइंट से केपी रोड के जरिए रैंप पर चढ़कर विद्यासागर सेतु की ओर जाने वाले वाहनों को भी वाई-पॉइंट से ही 11 फर्लांग गेट की दिशा में मोड़ दिया जाएगा। इसके बाद वाहन केपी रोड और रेड रोड के रास्ते हावड़ा ब्रिज का उपयोग कर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि यातायात की स्थिति और आवश्यकता को देखते हुए अन्य प्रमुख सड़कों से भी वाहनों का डायवर्जन किया जा सकता है। यात्रियों और वाहन चालकों से रविवार सुबह 6 बजे से 10 बजे के बीच विद्यासागर सेतु के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *