तेलंगाना के हैदराबाद स्थित अलवाल थाना क्षेत्र (मेदचल-मलकाजगिरि जिला) में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ तीन दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने की खौफनाक वारदात सामने आई है। माचा बोल्लाराम की रहने वाली इंटरमीडिएट की यह छात्रा पिछले दिनों अपने घर से निकल गई थी, जिसके बाद अलग-अलग स्थानों पर आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर हवस का शिकार बनाया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया और ओयो (OYO) होटल मालिक समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें चंचलगुड़ा जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच के अनुसार, छात्रा जब 10वीं कक्षा में पढ़ती थी, तब इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती जेरी वरुण नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि कुछ महीने पहले जेरी ने उसे नशीली चॉकलेट खिलाकर अपनी कार में यौन उत्पीड़न किया था। इसके बाद जेरी ने छात्रा की पहचान रोमाला वरुण से कराई, जिसने उसे शराब, सिगरेट और गांजे की लत में धकेल दिया और कोमपल्ली इलाके में कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जीवनशैली को लेकर 8 सितंबर को पिता की डांट के बाद छात्रा 9 सितंबर को घर से निकलकर बोल्लाराम रेलवे स्टेशन पहुंची थी। वहाँ उसे नीरज नाम का व्यक्ति मिला, जिसने अपने साथी विक्की को बुलाया। दोनों ने छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और अलग-अलग दुष्कर्म किए। इसके बाद निखिल नाम के दोस्त की मदद से उसे दुलापल्ली ले जाया गया, जहां दो अन्य लोग शामिल हुए और एक ‘ओयो’ (OYO) होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की गई। 9 सितंबर की रात उसे बोल्लाराम स्थित विक्की के घर में बंधक बनाकर रखा गया। 10 सितंबर को पीड़िता किसी तरह विक्की के घर से भागकर बोल्लाराम स्टेशन पहुंची, लेकिन विक्की और उसके दोस्त गणेश ने उसे रास्ते में ही पकड़ लिया। आरोपियों ने उसे जबरन नींद की गोलियां खिलाईं और मेदचल रेलवे स्टेशन ले गए। वहां से मलकाजगिरि जाने वाली ट्रेन में चढ़ाकर फिर से उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। बाद में ऑटो रिक्शा से धूलपेट ले जाते समय जब लड़की ने चिल्लाना शुरू किया, तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह घर पहुंचकर पीड़िता ने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। अलवाल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 सितंबर को जेरी वरुण, रोमाला वरुण, नीरज, विक्की, निखिल, गणेश और ओयो होटल मालिक समेत 8 आरोपियों को हिरासत में लिया। 13 सितंबर को कोर्ट में पेशी के बाद सभी 8 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में चंचलगुड़ा जेल भेज दिया गया।मेदचल-मलकाजगिरि जिले की अलवाल थाना पुलिस के मुताबिक इस वारदात में कुल 9 लोग शामिल थे। पुलिस ने 8 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल 9वां आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *