प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर पश्चिम बंगाल में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को राज्यभर में ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर लोग अपने घरों और अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के मुताबिक, ‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम से राज्य के एक करोड़ से ज्यादा परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सूर्यास्त के बाद अलग-अलग इलाकों में मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। कोलकाता में हुगली नदी के किनारे भी विशेष आयोजन की तैयारी की गई है। कार्यक्रम के तहत पश्चिम बंगाल के कई प्रमुख स्थानों को दीयों से सजाने की योजना है। नवान्न, विक्टोरिया मेमोरियल और राइटर्स बिल्डिंग जैसे प्रमुख स्थलों के साथ कालीघाट मंदिर समेत विभिन्न धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाने की बात कही गई है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर बच्चों को भी कार्यक्रमों से जोड़ने की तैयारी है। ‘बच्चों के सपनों का भारत’ अभियान के तहत राज्य के हजारों स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, लेखन, भाषण, वाद-विवाद और क्विज जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों से 2047 के भारत को लेकर उनके विचार और सपने साझा करने को कहा जाएगा। जन्मदिन समारोह के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बाइक और साइकिल रैलियां भी निकाली जाएंगी। इसके अलावा पदयात्राओं के जरिए लोगों तक पहुंचने की योजना है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी साझा करने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और पीएम सूर्यघर जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया जाएगा। कार्यक्रमों के जरिए इन योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों तक पहुंचने और उनके अनुभव साझा करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि 7 अक्टूबर को भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से जुड़ा होगा। जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रमों के साथ प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन की योजना भी बताई गई है। 7 अक्टूबर के कार्यक्रमों के दौरान स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविर जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई है। अलग-अलग जिलों में इन गतिविधियों को आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के कारण आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में इन दोनों क्षेत्रों में राज्य सरकार की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। हालांकि, राजनीतिक, सामाजिक और निजी संगठनों की ओर से नियमों के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
