ओडिशा में बुधवार का दिन कई परिवारों के लिए मातम में बदल गया। राज्य में छह अलग-अलग घटनाओं में डूबने से 12 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ज्यादातर हादसे गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए। घटनाएं जगतसिंहपुर, सुंदरगढ़, गंजाम, भद्रक और कोरापुट जिलों में सामने आई हैं। हादसों के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के पास सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कई मामलों में शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। जगतसिंहपुर जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। जवानों ने चारों युवकों के शव बरामद कर लिए। मृतकों की पहचान मनोजित स्वैन, स्वप्नजीत बारिक, रश्मिरंजन नायक और जगन्नाथ पालेई के रूप में हुई है। चारों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। बताया गया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक नदी में उतरे थे। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से वे बह गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।गंजाम जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में तीन बच्चों की जान चली गई। बुधवार दोपहर घोड़ाहाड़ नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान 14 वर्षीय दो बच्चे गहरे पानी में चले गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों डूब गए। मृतकों की पहचान आदर्श साहू और प्रीतम सामेली के रूप में हुई है। दोनों गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहुंचे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। गंजाम जिले के दिगपहांडी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 10 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक छात्र तालाब में डूब गया। वह आठवीं कक्षा में पढ़ता था और उसकी उम्र 14 वर्ष थी। घटना के बाद उसे दिगपहांडी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सितांशु जेना के रूप में हुई है। सुंदरगढ़ जिले के रायबोगा थाना क्षेत्र के सालंगाबहाल गांव में शंख नदी में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, तीनों बच्चियां करमा पूजा के लिए नदी से रेत लेने पहुंची थीं। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरी। उसे बचाने के लिए दो अन्य बच्चियां भी पानी में कूद गईं। नदी के गहरे पानी में जाने के कारण तीनों डूब गईं।
मृत बच्चियों की पहचान:
- गीतिका साहू — 6 वर्ष
- सिबिका साहू — 6 वर्ष
- श्रुति साहू — 8 वर्ष
तीनों बच्चियां मजहाटोली की रहने वाली थीं। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।पुलिस के मुताबिक, भद्रक और कोरापुट जिलों में भी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबने से दो लोगों की मौत हुई है। इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया है। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रतिमा विसर्जन या पूजा के लिए नदी-तालाब में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें। तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचें और बच्चों को जलस्रोतों के पास अकेला न छोड़ें। पुलिस ने लोगों से यह भी कहा है कि विसर्जन के लिए निर्धारित स्थानों का ही इस्तेमाल करें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
