पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ दशकों से जारी औद्योगिक सूखे को खत्म करने और राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश लाने के अपने वादे को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार रात मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मुंबई स्थित एंटीलिया में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी से मुलाकात की। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस महत्वपूर्ण बैठक की तस्वीरें साझा कीं। बैठक के दौरान रिलायंस प्रमुख ने बंगाल में औद्योगिक संभावनाओं पर खुशी जताई और नए निवेश के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के लिए गुजरात के बाद बंगाल में ‘वंतारा’ (Vantara) की नई शाखा खोलने में गहरी रुचि दिखाई। मुंबई प्रवास के दौरान सोमवार देर रात जब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी रिलायंस प्रमुख के आवास ‘एंटीलिया’ पहुंचे, तो स्वयं मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी ने उनका भव्य स्वागत किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंबानी परिवार के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को अपने लिए सौभाग्य की बात बताते हुए अंबानी परिवार को मां काली की एक विशेष प्रतिमा भेंट स्वरूप प्रदान की। बैठक में पश्चिम बंगाल को औद्योगिक रूप से समृद्ध बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी:”इस यात्रा के दौरान हमने पश्चिम बंगाल में उद्योगों की प्रगति और संभावनाओं पर चर्चा की। बात रोजगार के नए अवसरों पर भी हुई। मैंने उन्हें अवगत कराया कि हमारे राज्य में युवाओं के कौशल और ऊर्जा का उपयोग करके काम के अपार अवसर मौजूद हैं। यदि वे आगे आते हैं तो उनका स्वागत है।”मुकेश अंबानी ने भी बंगाल में व्यापारिक संभावनाओं पर सकारात्मक रुख जताते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा राज्य में और अधिक पूंजी निवेश करने की इच्छा जताई। इस हाई-प्रोफाइल बैठक की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी रही। गुजरात के जामनगर में अनंत अंबानी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘वंतारा’ की तर्ज पर अब पश्चिम बंगाल में भी ‘वंतारा’ की एक नई शाखा खोली जा सकती है।मुकेश और अनंत अंबानी ने राज्य में घायल और लुप्तप्राय वन्यजीवों के संरक्षण व इलाज के लिए इस तरह के अत्याधुनिक केंद्र की स्थापना में विशेष रुचि दिखाई है। अगर यह परियोजना जमीन पर उतरती है, तो पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में यह बंगाल के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। राज्य में सत्ता संभालने के बाद से ही मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का मुख्य जोर बंगाल की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने और निजी क्षेत्र के बड़े औद्योगिक घरानों को आकर्षित करने पर रहा है।वरिष्ठ आर्थिक विशेषज्ञों और उद्योग जगत का मानना है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसा देश का सबसे बड़ा कॉरपोरेट घराना यदि बंगाल में प्रत्यक्ष निवेश बढ़ाता है, तो इससे राज्य के औद्योगिक माहौल में अभूतपूर्व सुधार होगा। इससे न केवल राज्य में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के द्वार खुलेंगे, बल्कि अन्य राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय निवेशक भी बंगाल की ओर आकर्षित होंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *