प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी अब दिल्ली कूच की तैयारी कर रही है। बिहार के बांकीपुर असेंबली सीट पर हुए उपचुनाव में JSP संस्थापक प्रशांत किशोर ने जिस तरह से शानदार जीत दर्ज की, उससे पार्टी का जोश कई गुना हाई है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व अब अपने राजनीतिक संगठन को बिहार से बाहर ले जाने की तैयारी में हैं। दिल्ली अब इस पार्टी के विस्तार का पहला बड़ा केंद्र बनने जा रही है। चर्चा तो ये भी है कि जन सुराज पार्टी अगले दिल्ली विधानसभा चुनाव में उतर भी सकती है। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्र बता रहे कि प्रशांत किशोर रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में JSP समर्थकों से मिलेंगे। ऐसी भी चर्चा है कि इस दौरान दिल्ली यूनिट के लिए एक संचालन समिति (स्टीयरिंग कमेटी) की घोषणा हो सकती है। यह प्रस्तावित स्टीयरिंग कमिटी JSP के संगठनात्मक कामकाज की देखरेख करेगी। इसके साथ ही दिल्ली में पार्टी की एक औपचारिक यूनिट बनाने में भी मदद करेगी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पार्टी अपने दिल्ली कार्यालय के लिए जगह की भी तलाश कर रही है। कुछ जगहे शॉर्टलिस्ट भी की गई हैं। पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बमुश्किल दो महीने बाद,जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अब पार्टी का दायरा बढ़ाने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशांत किशोर, बिहार के बाहर दिल्ली को पार्टी के विस्तार के लिए अपना पहला पड़ाव बनाना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक, 49 साल के प्रशांत किशोर 27 सितंबर को दिल्ली में JSP समर्थकों की बैठक करेंगे। इसमें राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के कामकाज को संभालने के लिए एक संचालन समिति (स्टीयरिंग कमेटी) का ऐलान किया जा सकता है। हालांकि, इस साल अगस्त में प्रशांत किशोर ने अपने चुनावी डेब्यू में ही हाई-प्रोफाइल बांकीपुर सीट जीतकर वापसी की। बांकीपुर में उपचुनाव इसलिए कराना पड़ा क्योंकि वहां से पांच बार के विधायक नितिन नवीन ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद अपनी सीट छोड़ दी थी। एक सूत्र ने बताया कि जन सुराज पार्टी अब दिल्ली में अपनी मौजूदगी बनाने की कोशिश कर रही है, खासकर शहर की बड़ी पूर्वांचली आबादी के बीच वह पैठ बनाने की प्लानिंग में है।
