महालया के पावन अवसर पर कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस में 10 अक्टूबर को भव्य सांस्कृतिक एवं आधिकारिक समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शामिल होने की बात कही गई है। आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीएबी मुख्यालय में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक भी हुई। ईडन गार्डेंस स्थित क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) मुख्यालय में हुई बैठक में सूचना एवं संस्कृति विभाग के सचिव सौमित्र मोहन, कोलकाता नगर निगम के महापौर, नगर निगम आयुक्त स्मिता पांडे, राज्य पुलिस एवं सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी और आयोजन संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। महालया की प्रभात बेला में कोलकाता के पांच प्रमुख गंगा घाटों पर ध्वनि-विस्तारक यंत्रों के जरिए महालया का प्रसारण किया जाएगा। वहीं, तटवर्ती क्षेत्रों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान रेड रोड पर विशाल पदयात्रा का आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के शामिल होने की योजना है। ईडन गार्डेंस के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए रेड रोड पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। यहां करीब 20 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। करीब चार घंटे तक चलने वाले इस आयोजन में लगभग 35 हजार नागरिक और 2,500 विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की बात कही गई है। शाम 5 बजे से 7 बजे तक प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। शाम 7 बजे शंखध्वनि और उल्लूध्वनि के साथ प्रधानमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मैदान का भ्रमण करेंगे। शाम 7:35 बजे 3डी मैपिंग शो होगा और 7:40 बजे प्रधानमंत्री द्वारा प्रमुख दुर्गा पूजा समितियों का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद शाम 7:45 बजे 3,000 ढाकिए एक साथ ढाक वादन करेंगे, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में दर्ज कराने की योजना है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 30 मिनट का विशेष संबोधन देंगे। इसके बाद रात 8:25 बजे उनके ईडन गार्डन्स से प्रस्थान का कार्यक्रम है। रात 8:45 बजे 15 मिनट का ड्रोन शो और आतिशबाजी भी आयोजित किए जाएंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *