मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच चुनाव आयोग ने शनिवार को अहम बैठक की। बैठक में CEC ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी मौजूद रहे।आयोग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई और विभिन्न फैसलों पर आम सहमति बनी। बैठक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान नोटिस पाने वाले लोगों को लेकर फैसला किया गया। आयोग के अनुसार, ऐसे लोगों के घर BLO दस्तावेज लेने जाएंगे और आम तौर पर सुनवाई की जरूरत नहीं होगी।फॉर्म-6 के साथ घोषणा-पत्र को लेकर आयोग ने कहा कि SIR में इसकी व्यवस्था सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरकरार रखी गई है। बैठक में इसे लेकर चल रहे विवाद को भी चर्चा का विषय बनाया गया। आयोग ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) जरूरत के अनुसार रैन बसेरों, मजदूरों, गरीबों और बेघर लोगों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करेंगे। इसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया से जुड़े लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचाना है। बैठक में ECINET की समीक्षा का भी फैसला लिया गया। इसके लिए वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त (DEC) और स्वतंत्र IIT/IIM विशेषज्ञों की समिति बनाई जाएगी, जो इसकी समीक्षा करेगी। बैठक में दावे और आपत्तियों से जुड़ी समयसीमा में भी बदलाव किया गया। दिल्ली में इसकी अंतिम तारीख 30 अक्टूबर और महाराष्ट्र में 12 अक्टूबर तय की गई है। आयोग ने तय किया कि उसकी सभी बैठकों का एजेंडा पहले भेजा जाएगा और बैठकों की कार्यवाही भी जारी की जाएगी। इसके अलावा सभी अधिकारियों की APAR रिपोर्ट हर साल निर्धारित समय के अनुसार 31 दिसंबर तक पूरी करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों की विदेश यात्राओं के लिए अब चुनाव आयोग की मंजूरी आवश्यक होगी। साथ ही, चुनाव आयुक्तों की ओर से अधिकारियों को जारी किए गए सभी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *