रविवार दोपहर गुवाहाटी से बेंगलुरु आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6542 को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा। पहली बार लैंडिंग की कोशिश करते समय विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया।स्थिति को देखते हुए विमान ने तुरंत गो-अराउंड किया। यानी विमान ने लैंडिंग पूरी करने के बजाय दोबारा उड़ान भरी और फिर से लैंडिंग की तैयारी की। गो-अराउंड के बाद विमान ने दूसरी बार लैंडिंग की और दोपहर 1:34 बजे सुरक्षित रूप से बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतर गया। जानकारी के मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद संबंधित विमान की आगे की उड़ान रोक दी गई है। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच में विमान को पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही उसे दोबारा परिचालन में लाया जाएगा।इंडिगो की ओर से कहा गया है कि घटना की जानकारी नियमों के अनुसार संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा उसके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंडिगो की यह फ्लाइट बेंगलुरु पहुंचने के बाद आगे कोयंबटूर जाने वाली थी। विमान की तकनीकी जांच के कारण उसकी आगे की उड़ान प्रभावित हुई।बेंगलुरु से कोयंबटूर जाने वाले यात्रियों के लिए इंडिगो ने तत्काल दूसरा विमान उपलब्ध कराया, ताकि यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े। यह घटना पिछले 47 दिनों में इंडिगो की किसी फ्लाइट से जुड़ी छठी घटना बताई जा रही है। इनमें इमरजेंसी लैंडिंग, डायवर्जन और तकनीकी खराबी जैसी घटनाएं शामिल हैं।हालांकि, मौजूदा मामले में विमान ने गो-अराउंड के बाद सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। घटना के बाद DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में लैंडिंग के दौरान विमान के पिछले हिस्से के रनवे से टकराने की परिस्थितियों और विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की जाएगी।विमान की तकनीकी जांच पूरी होने और उसके सुरक्षित पाए जाने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर फैसला किया जाएगा।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *