भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन सोमवार सुबह तीर्थ स्थल गंगासागर पहुंचे। गंगा और सागर के संगम स्थल पर पहुंचकर उन्होंने आस्था की डुबकी लगाई और गंगा वंदना की। इसके बाद वे प्रसिद्ध कपिल मुनि आश्रम पहुंचे और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की। नितिन नवीन के इस दौरे को लेकर सुबह से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। नितिन नवीन के स्वागत के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, सुंदरबन विकास मंत्री दीपक जाना सहित जयनगर और मथुरापुर संगठनात्मक जिलों के भाजपा जिलाध्यक्ष व स्थानीय नेता उपस्थित थे।गंगासागर पहुंचने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले स्नान घाट का निरीक्षण किया और वहां तीर्थयात्रियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पवित्र स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए। मकर संक्रांति के समय लाखों श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहने वाले कपिल मुनि आश्रम में उनकी उपस्थिति ने स्थानीय संगठन में राजनीतिक ऊर्जा का संचार कर दिया। अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन नितिन नवीन पूरी तरह से राज्य भाजपा के संगठनात्मक मामलों में व्यस्त रहे। उन्होंने कोलकाता में प्रदेश नेतृत्व के साथ समीक्षा बैठकें कीं, सांगठनिक स्थिति का जायजा लिया और आगामी चुनावी रणनीतियों तथा कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।सांगठनिक पुनर्गठन के बाद उनका यह दौरा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और मैदानी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गंगासागर में धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के बाद नितिन नवीन उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी के लिए रवाना हो गए। पानीहाटी के लोक संस्कृति भवन में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम में उनके साथ राज्य के प्रतिपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी शामिल होंगे।इसके बाद वे कोलकाता लौटेंगे, जहां एक युवा सम्मेलन (‘युवा संवाद’ कॉन्क्लेव) में भाग लेकर युवाओं को संबोधित करेंगे। इन सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद भाजपा अध्यक्ष कोलकाता से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *