विपक्षी INDIA ब्लॉक की अहम बैठक बुधवार, 30 सितंबर को नई दिल्ली में शुरू हो गई। बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों समेत कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हैं। बैठक का मुख्य एजेंडा चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर आगे की रणनीति तय करना है।  बैठक में SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संयुक्त आंदोलन और संसद में उन्हें हटाने संबंधी प्रस्ताव पर भी चर्चा होने की संभावना है।  इस बैठक में आम आदमी पार्टी (AAP) और DMK शामिल नहीं हुए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, AAP ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया, जबकि DMK ने भी इसमें शामिल होने से दूरी बनाए रखी है। हालांकि, DMK की ओर से कहा गया है कि चुनाव आयोग से जुड़े कुछ मुद्दों पर पार्टी विपक्षी दलों के साथ संसद में समर्थन कर सकती है।  समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी बैठक में मौजूद नहीं हैं। बताया गया है कि उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन से जुड़े कार्यक्रमों के कारण वह दिल्ली की बैठक में शामिल नहीं हो सके। उनकी पार्टी की ओर से सांसद मोहीबुल्लाह नदवी और हरेंद्र मलिक को प्रतिनिधि के तौर पर भेजा गया है।  बैठक में विपक्षी दल SIR को लेकर अपने रुख को लेकर साझा रणनीति तैयार करने के साथ देशभर में आंदोलन और प्रदर्शन की रूपरेखा पर भी चर्चा कर सकते हैं। विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े मुद्दों को संसद और सार्वजनिक मंचों पर उठाने की तैयारी की जा रही है।  INDIA ब्लॉक की पिछली बैठक 8 जून 2026 को हुई थी। इसके करीब चार महीने बाद एक बार फिर विपक्षी दल दिल्ली में एक मंच पर जुटे हैं। इस बार SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे बैठक के केंद्र में हैं। 

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *