नंदीग्राम में 6 अक्टूबर को मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार दोपहर निमतौड़ी स्थित जिला कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्व मेदिनीपुर के जिलाधिकारी निरंजन कुमार और पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर प्रशासनिक तैयारियों का ब्योरा साझा किया। आधिकारिक घोषणा के अनुसार, नंदीग्राम में आगामी 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को मतों की गणना की जाएगी। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 66 हजार 419 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए पूरे क्षेत्र में कुल 323 बूथ बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्रियों को 2 अक्टूबर तक अंतिम रूप से तैयार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही अब तक लगभग 80 प्रतिशत वोटर इंफॉर्मेशन स्लिप (मतदाता पर्ची) का वितरण पूरा किया जा चुका है, ताकि मतदाताओं को मतदान के दिन किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 37 कंपनियां तैनात की गई हैं, जो मतदान केंद्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी। इसके अतिरिक्त राज्य पुलिस के 600 से 700 जवान विभिन्न रणनीतिक बिंदुओं और इलाकों में तैनात रहेंगे। प्रशासन ने कुल 79 बूथों को संवेदनशील (Critical) के रूप में चिह्नित किया है, जहां अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT), सेक्टर फोर्स और विशेष गश्ती दल लगातार रूट मार्च और नाका चेकिंग कर रहे हैं। चुनाव आचार संहिता के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रेस वार्ता में बताया गया कि अब तक आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया है। निगरानी टीमों ने अभियान चलाकर अब तक 97 लाख रुपये की नकदी और 5,893 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने बताया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से पिछले दो महीनों के दौरान 300 से अधिक गैर-जमानती वारंट (NBW) तामील कराए गए हैं। नंदीग्राम सहित जिले के सीमावर्ती इलाकों में लगातार विशेष तलाशी अभियान जारी है। विपक्ष के प्रचार में बाधा डालने संबंधी आरोपों पर एसपी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन को इस संबंध में कोई विशिष्ट या ठोस शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने दोहराया कि कहीं भी किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कानून सम्मत त्वरित कार्रवाई, गिरफ्तारी और कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित कर रही है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *