महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में रविवार दोपहर एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोपहर करीब 1:31 बजे 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके साथ ही पिछले 24 घंटों में जिले में भूकंपीय गतिविधि का यह तीसरा झटका है। बताया गया कि भूकंप का केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के सिद्धेश्वर और दुधाला गांवों के बीच था। लगातार भूकंपीय झटकों के चलते स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। इससे पहले शनिवार सुबह भी हिंगोली जिले में दो भूकंपीय झटके महसूस किए गए थे। पहला झटका करीब सुबह 7:46 बजे दर्ज हुआ, जिसकी तीव्रता 3.3 थी। इसका केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के गढ़ाला गांव में जमीन से करीब 7 किलोमीटर की गहराई में बताया गया।इसके करीब दो घंटे बाद 4.5 तीव्रता का एक और झटका आया। इस भूकंप को जिले के कई हिस्सों में महसूस किया गया। कुछ क्षेत्रों में भूकंप के साथ तेज गड़गड़ाहट की आवाज भी सुनाई देने की बात सामने आई। हिंगोली के इस क्षेत्र में पिछले करीब छह वर्षों से रुक-रुककर भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। इससे पहले 1 अक्टूबर को आसपास के पांगरा शिंदे गांव में भी गड़गड़ाहट की आवाज के साथ भूकंपीय गतिविधि महसूस हुई थी।इस साल 9 और 11 जुलाई को भी क्षेत्र में 4.6 और 3.5 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए थे। इन झटकों के बाद कुछ घरों में दरारें आने की बात भी सामने आई थी।रविवार को 2.5 तीव्रता का झटका आने के बाद प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाने की कोशिश करनी चाहिए। यदि आप घर के अंदर हैं तो जमीन पर झुककर किसी मजबूत मेज या फर्नीचर के नीचे शरण लें और उसे मजबूती से पकड़े रहें। मेज या डेस्क उपलब्ध न हो तो अपने सिर और चेहरे को बाजुओं से ढककर किसी सुरक्षित कोने में झुककर बैठें।खिड़कियों, शीशों, दरवाजों, दीवारों और ऐसी वस्तुओं से दूर रहें जो गिर सकती हैं।
