देशभर में आज विजयादशमी का पावन पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।  राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, ‘विजयादशमी के शुभ अवसर पर, देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘प्रभु श्रीराम की रावण पर विजय के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व है। प्रभु श्रीराम को धर्म और नैतिक आचरण का साक्षात स्वरूप माना गया है। यह त्योहार अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की विजय का उत्सव है। भारतीय संस्कृति नैतिकता और कर्तव्य के आदर्शों पर आधारित है। प्रभु श्रीराम की विजय के इस त्योहार के दिन, सभी देशवासी यह संकल्प लें कि अपनी विरासत के उच्च आदर्शों पर चलते हुए विकसित भारत एवं समावेशी समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।’ इसके साथ ही उन्होंने इस अवसर पर देशवासियों के सुख, आरोग्य और कल्याण की मंगलकामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं। उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।’ इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘आप सभी को विजयादशमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। विजयदशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमारी आस्था, सभ्यता और सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव भी है। मेरी  ईश्वर से कामना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए तथा समाज में सद्भाव और सौहार्द में अभिवृद्धि करे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *