तमिलनाडु के थेनी जिले की सब-जेल से सोमवार देर रात 17 कैदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सभी कैदियों ने जेल के एक कर्मचारी पर हमला किया और फिर वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक चार फरार कैदियों को पकड़ लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, सभी 17 कैदी एक ही सेल में बंद थे। देर रात जेल कर्मचारियों को सूचना मिली कि एक कैदी की तबीयत खराब है। इसके बाद जब कर्मचारी सेल के अंदर पहुंचे, तो कैदियों ने उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान सभी कैदी जेल से भागने में कामयाब हो गए। हालांकि, घटना के दौरान सुरक्षा में चूक कैसे हुई और कैदी किस तरह जेल से बाहर निकले, इसकी जांच की जा रही है। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 17 विशेष टीमें बनाई हैं। इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IGP), साउथ जोन, विजयेन्द्र बिदारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान चार कैदियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं और बाकी कैदियों का पता लगाने की कोशिश में जुटी हैं। कैदियों के फरार होने के बाद आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। डिंडीगुल जिले में एहतियात के तौर पर 16 जगहों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि फरार कैदियों को दूसरे इलाकों में भागने से रोका जा सके। इडुक्की, मदुरै और डिंडीगुल पुलिस के साथ भी घटना की जानकारी साझा की गई है। फरार कैदियों की तस्वीरें भी पुलिस अधिकारियों को भेजी गई हैं। इस घटना में थेनी जिला जेल के ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में चोट आई है। उन्हें जी. विलाक्कु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो अन्य जेलकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार कैदियों को जल्द पकड़ने के लिए अभियान जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *