कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपक ने शनिवार को ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने NEET पेपर लीक और चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ युवाओं के आंदोलन को समर्थन देने के लिए ममता बनर्जी का आभार जताया। हालांकि, दीपके ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली में औपचारिक रूप से शामिल नहीं होगी। अभिजीत दिपके ने कहा कि CJP एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संगठन है। पार्टी अपनी अलग पहचान बनाए रखना चाहती है। हालांकि, वोट चोरी और चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले सभी संगठनों को उसका समर्थन जारी रहेगा। ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद अभिजीत दिपके ने कहा कि वह उनसे विशेष रूप से धन्यवाद देने आए थे। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर हुए CJP के पहले आंदोलन के दौरान ममता बनर्जी ने युवाओं का मजबूती से साथ दिया था। दीपके के मुताबिक, जब CJP के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था, तब भी ममता बनर्जी उनके समर्थन में खड़ी रही थीं। मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और युवा कार्यकर्ताओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। ममता बनर्जी ने कहा, “उन्होंने रविवार की रैली को अपना पूरा समर्थन दिया है और हमने भी उन्हें पूरा सहयोग दिया है। मुझे उन पर गर्व है। वे इस आंदोलन के अग्रणी और संस्थापक हैं। हमें इसे याद रखना चाहिए।” उन्होंने आंदोलन के दौरान युवाओं की ओर से झेली गई मुश्किलों के बावजूद संघर्ष जारी रखने की भी सराहना की। साथ ही, ममता बनर्जी ने अभिजीत दीपके और CJP के अन्य कार्यकर्ताओं को पश्चिम बंगाल आने और वहां कार्यक्रम आयोजित करने का न्योता दिया। कोलकाता में कार्यक्रम आयोजित करने के सवाल पर ममता बनर्जी ने कहा कि यह फैसला CJP के कार्यकर्ताओं को ही करना है। अभिजीत दीपके और ममता बनर्जी की मुलाकात INDIA ब्लॉक की रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली बड़ी रैली से एक दिन पहले हुई। विपक्षी दल इस रैली के जरिए कथित चुनावी अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को उठाएंगे। साथ ही, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी। रैली के लिए दिल्ली में विपक्षी दलों के नेताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया है। आयोजन को लेकर रामलीला मैदान में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। मुख्य मंच के ऊपर तिरंगे के रंगों वाला विशाल छत्र बनाया गया है। INDIA ब्लॉक के घटक दलों के प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। विपक्षी दलों ने मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने की योजना बनाई है। ‘चलो दिल्ली’ नाम से आयोजित यह मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड- कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रैली का कार्यक्रम निर्धारित है। INDIA ब्लॉक के नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से ओपन बसों में सवार होकर मार्च के शुरुआती स्थल तक पहुंचने वाले हैं। इस रैली में राजनीतिक दलों के अलावा छात्रों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और नागरिक संगठनों को भी शामिल होने की अपील की गई है। CJP ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया है। हालांकि, अभिजीत दिपके ने स्पष्ट कर दिया है कि संगठन चुनावी निष्पक्षता के मुद्दे पर विपक्ष के साथ खड़ा रहेगा, लेकिन रविवार की रैली में औपचारिक रूप से हिस्सा नहीं लेगा।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *