दुर्गापूजा का उत्साह अभी पूरी तरह थमा भी नहीं है कि कोलकाता एक और बड़े सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियों में जुट गया है। 16 से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 32वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (KIFF) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को नंदन में फिल्म महोत्सव के नए लोगो का अनावरण किया गया। इस बार आयरलैंड को फोकस कंट्री बनाया गया है। 32वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के नए लोगो को मशहूर फिल्मकार संदीप राय ने डिजाइन किया है। रविवार को नंदन-2 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने इसका अनावरण किया। इस मौके पर प्रसनजीत चटर्जी, जीत, रुद्रनील घोष, पापिया अधिकारी समेत कई फिल्मी हस्तियां और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस साल फिल्म महोत्सव में आयरलैंड की फिल्मों और सिनेमा को विशेष महत्व दिया जाएगा। 16 से 23 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश की बेहतरीन फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ सिनेमा जगत की विविधता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान देखने को मिलेगा। फिल्म महोत्सव का उद्घाटन समारोह विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित होने की संभावना है। इस खास मौके पर रजनीकांत, प्रभास और अक्षय कुमार समेत कई राष्ट्रीय स्तर के सितारों के शामिल होने की चर्चा है। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी इस आयोजन में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हावड़ा के सांतरागाछी में एक नई ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान फिल्म महोत्सव की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कोलकाता फिल्म महोत्सव के दौरान कई राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रवासी भारतीय सम्मेलन भी आयोजित होने की बात कही गई है। कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव हर साल देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों को एक मंच पर लाता है। इस बार भी भव्य आयोजन, दिग्गज सितारों की मौजूदगी और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की विशेष प्रस्तुति से शहर के सांस्कृतिक माहौल में चार चांद लगने की उम्मीद है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed