मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जी राहुल अरुणोदय बनर्जी के जाने से सदमे में हैं और दुखी हैं। रविवार को एक्टर की मौत की खबर मिलने के बाद ममता जी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “मैं यह खबर सुनकर हैरान, स्तब्ध और दुखी हूं कि जाने-माने, युवा और लोकप्रिय एक्टर, राहुल अरुणोदय बनर्जी अचानक हमारे बीच नहीं रहे। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या हुआ। वह मेरे पसंदीदा एक्टर और इंसान थे। मैं उनके दुखी परिवार, रिश्तेदारों और अनगिनत फैंस के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। राहुल का अचानक जाना बंगाली एक्टिंग की दुनिया, टॉलीवुड और टेलीवुड के लिए एक अपूरणीय क्षति है।” गौरतलब है कि बंगाली सिनेमा और सीरियल्स का बहुत जाना-माना चेहरा राहुल अरुणोदय बनर्जी की रविवार को तलसारी में समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी। यह खबर सामने आते ही फिल्म जगत सदमे में आ गया। कई लोग पहली बार सुनकर इस खबर पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। 43 साल के राहुल बड़े पर्दे, छोटे पर्दे और थिएटर में रेगुलर रहे हैं। रविवार को वह तलसारी में सीरियल ‘भोले बाबा पर करेगा’ की शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग के बाद वह समुद्र में चले गए और अचानक डूब गए। टेक्नीशियन ने उन्हें बचाया और दीघा हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
