विधानसभा चुनाव मे करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस मे जारी उठापटक और दो-फाड़ के बीच पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शनिवार को एक बार फिर बड़ा सांगठनिक फेरबदल किया है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। तृणमूल कांग्रेस के युवा संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए जादवपुर से सांसद और अभिनेत्री सायोनी घोष को युवा इकाई के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अर्णब बनर्जी को युवा संगठन की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के इस फैसले को संगठन में नई ऊर्जा और नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय को उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष पद से भी हटा दिया है। उनके स्थान पर नवनिर्वाचित विधायक और पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष को उत्तर कोलकाता तृणमूल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। यह बदलाव चुनावी नतीजों के बाद संगठनात्मक पुनर्गठन का हिस्सा माना जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। वरिष्ठ नेता और सांसद सौगत राय तथा पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक को राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन के शीर्ष स्तर पर उनके अनुभव का लाभ उठाने का फैसला किया है। इसके साथ ही सौगत राय को लोकसभा में पार्टी का महत्वपूर्ण सलाहकार पद भी सौंपा गया है। माना जा रहा है कि संसद और संगठन दोनों स्तरों पर उनकी भूमिका अब पहले से अधिक महत्वपूर्ण होगी। राज्य विधानसभा चुनाव मे निराशाजनक प्रदर्शन के बाद तृणमूल कांग्रेस लगातार संगठनात्मक बदलाव कर रही है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए चेहरों और नई जिम्मेदारियों के माध्यम से संगठन को फिर से मजबूत किया जा सकता है। इसी कड़ी में यह बड़ा फेरबदल किया गया है।
